इंसान की कीमत उसके लिबास में नहीं !
Unknown
- This Article Posted on: August 28th, 2012 in प्रभात खबर !
बहुत पुरानी बात है. मिस्र देश में एक सूफी संत रहते थे, जिनका नाम जुन्नुन था. एक नौजवान ने उनके पास आकर पूछा, मुङो समझ नहीं आता कि आप जैसे लोग सिर्फ एक चोंगा ही क्यों पहने रहते हैं? बदलते समय के साथ यह जरूरी है कि लोग ऐसे लिबास पहनें, जिनसे उनकी शख्सीयत सबसे अलहदा दिखे और देखनेवाले वाहवाही करें.
जुन्नुन मुस्कुराये और अपनी उंगली से एक अंगूठी निकाल कर बोले, ‘बेटे, मैं तुम्हारे सवाल का जवाब जरूर दूंगा, लेकिन पहले तुम मेरा एक काम करो. इस अंगूठी को सामने बाजार में एक अशर्फी में बेच कर दिखाओ.’ नौजवान ने जुन्नुन की साधारण-सी दिखनेवाली अंगूठी को देख कर सोचा, इस अंगूठी के लिए सोने की एक अशर्फी? इसे तो कोई चांदी के एक दीनार में भी नहीं खरीदेगा.
‘‘कोशिश करके देखो, शायद तुम्हें कोई खरीदार मिल जाये.’’ जुन्नुन ने कहा. नौजवान तुरंत ही बाजार को रवाना हो गया. उसने वह अंगूठी बहुत से सौदागरों, परचूनियों, साहूकारों, यहां तक कि हज्जाम और कसाई को भी दिखाई, पर उनमें से कोई भी उस अंगूठी के लिए एक अशर्फी भी देने को तैयार न हुआ. हार कर उसने जुन्नुन को जाकर कहा, ‘‘कोई भी इसके लिए चांदी के एक दीनार से ज्यादा रकम देने के लिए तैयार नहीं है.’’
जुन्नुन ने मुस्कुराते हुए कहा, अब तुम इस सड़क के पीछे सुनार की दुकान पर जाकर उसे यह अंगूठी दिखाओ. लेकिन तुम उसे अपना मोल मत बताना, बस यही देखना कि वह इसकी क्या कीमत लगाता है. नौजवान बतायी गयी दुकान तक गया. वहां से लौटते वक्त उसके चेहरे पर कुछ और ही बयां हो रहा था. उसने जुन्नुन से कहा, ‘‘आप सही थे. बाजार में किसी को भी इस अंगूठी की सही कीमत का अंदाजा नहीं है. सुनार ने इस अंगूठी के लिए सोने की एक हजार अशर्फियों की पेशकश की है. यह तो आपकी मांगी कीमत से भी हजार गुना है.’’
जुन्नुन ने मुस्कुराते हुए कहा, यही तुम्हारे सवाल का जवाब है. किसी भी इनसान की कीमत उसके लिबास से मत आंको. नहीं तो तुम बाजार के उन सौदागरों की तरह बेशकीमती नगीनों से हाथ धो बैठोगे.
बात पते कीः-
बात पते कीः-
-किसी भी इनसान की कीमत उसके लिबास से न आंकें, अन्यथा आपको बेशकीमती नगीनों से हाथ धोना पड़ सकता है.
-बाहरी दिखावे से बचते हुए इनसान की पहचान उसके गुणों से करें, तभी आप उसका बेस्ट ले पायेंगे.
-बाहरी दिखावे से बचते हुए इनसान की पहचान उसके गुणों से करें, तभी आप उसका बेस्ट ले पायेंगे.